बक्सर, 6 सितंबर (विक्रांत) जिले के राजपुर प्रखंड क्षेत्र में आज आयोजित एनडीए संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि एनडीए की सरकार आने के बाद लगातार विकास कार्य हुए हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले लोग शाम ढलते . घर से बाहर निकलने से डरते थे, लेकिन अब कानून का राज कायम है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर सरकार का विशेष ध्यान है।नीतीश कुमार ने दावा किया कि 10 लाख नौकरियों का वादा पूरा हो चुका है और आने वाले पांच वर्षों में युवाओं को और रोजगार दिए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि जो कहते हैं, वह पूरा करते हैं। विपक्ष ने कभी कुछ नहीं किया, सिर्फ निजी फायदे के लिए राजनीति की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन ₹400 से बढ़ाकर ₹1100 कर दी गई है। हर घर को 125 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही है। महिलाओं को तत्काल ₹10,000 की सहायता और आगे चलकर ₹2 लाख तक की मदद दी जाएगी। हर घर नल-जल, शौचालय, बिजली जैसी योजनाएं लागू की गईं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने भी बिहार को विशेष सहयोग दिया है। मखाना बोर्ड का गठन, कोसी परियोजना, नए एयरपोर्ट और राजमार्ग, खेलो इंडिया यूथ गेम्स जैसे प्रोजेक्ट राज्य में चल रहे हैं। आगे मुख्यमंत्री ने बक्सर जिले के धनसोई मे बाईपास, मलई बराज और मुस्लिम कब्रिस्तानों की घेराबंदी जैसे कार्यों का भी जिक्र किया और कहा कि बिहार तेजी से विकास के रास्ते पर है। सभा में मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि आगामी चुनाव में पूर्व मंत्री संतोष कुमार निराला को एक बार फिर भारी मतों से विजयी बनाएं। मौके पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी निराला को जिताने का समर्थन दे डाला । इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश भुवन ने किया. जब कि जद यू के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया. सभा को अन्य वक्ताओं में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं सिंचाई मंत्री विजय चौधरी ने भी संबोधित किया.. मौके पर भरत मिश्रा, गोपाल जी गुप्ता, अजय चंद लोदी, संजय सिंह, उपेन्द्र सिंह एवं राघवेन्द्र सिंह आदि मौजूद थे.

