पटना, 28 नवम्बर (पटना डेस्क) दरभंगा जिले के भालपट्टी थाना क्षेत्र के मुड़िया में गुरुवार शाम जमीन विवाद को लेकर बड़ा बवाल हो गया। स्थानीय रेडिएंट फायर सेफ्टी आईटीआई इंस्टिट्यूट पर एक पक्ष द्वारा जेसीबी चलाकर की गई तोड़फोड़ से परिसर में अफरा-तफरी मच गई। जेसीबी की चपेट में आने से कई छात्र घायल हो गए, वहीं संस्थान के संचालक रहबर आलम ने आरोप लगाया कि हमले के दौरान उन पर फायरिंग भी की गई। सूचना मिलते ही भालपट्टी समेत आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया। सदर डीएसपी ने फायरिंग की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। जेसीबी से इंस्टिट्यूट की इमारत और boundary wall को भारी नुकसान पहुंचा। हमले में संचालक मोहम्मद ओजैर के पुत्र रहबर आलम की दाहिनी कनपटी के नीचे गंभीर चोट आई। गोलीबारी और तोड़फोड़ के कारण परिसर में घंटों दहशत का माहौल बना रहा। पुलिस पहुंचते ही हमलावर फरार हो गए, लेकिन उनकी जेसीबी मशीन मौके पर छोड़ दी गई।
संचालक नेमतुल्लाह, सद्दाम बॉस और उनके सहयोगियों पर लगातार दस वर्षों से प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए 24 घंटे के भीतर सद्दाम बॉस की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। बताया गया कि विवादित जमीन पर कब्जे की नीयत से हमलावर जेसीबी लेकर पहुंचे थे। पुलिस को सूचना पहले ही मिल चुकी थी, पर गश्ती दल के पहुंचने से पूर्व ही तोड़फोड़ और फायरिंग की घटना को अंजाम दे दिया गया। मौके पर पहुंचे भालपट्टी थानाध्यक्ष धर्मानंद कुमार को स्थानीय विरोध का सामना करना पड़ा।
देर शाम सदर एसडीपीओ राजीव कुमार और सदर थानाध्यक्ष मनोज कुमार अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मुड़िया पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को आश्वस्त किया कि मामले की जांच जारी है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

