समस्तीपुर, 8 अक्तूबर)समस्तीपुर डेस्क) सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र से लगातार तीन बार जीत चुके जदयू नेता विजय कुमार चौधरी 2025 के विधानसभा चुनाव में चौथी बार मैदान में उतरने की तैयारी में हैं। वे अब तक कुल 6 बार बिहार विधानसभा के सदस्य रह चुके हैं। जल संसाधन, कृषि, सूचना व जनसंपर्क मंत्री और विधानसभा अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी मंत्रियों में गिने जाते हैं।

राजनीतिक पारी की शुरुआत उन्होंने 1982 में दलसिंहसराय उपचुनाव से की थी। 1990 में कांग्रेस के उपसचेतक बने, पर 1995 और 2000 के चुनाव में हार मिली। 2005 में रोसड़ा से भी दो बार असफल रहे। इसके बाद उन्होंने जदयू का दामन थामा और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बने। 2010 में सरायरंजन से चुनाव जीतकर लगातार क्षेत्र में विकास कार्यों से जनता का विश्वास जीता।
स्थानीय स्तर पर मृदुल स्वभाव और विकासपरक छवि के कारण वे लोकप्रिय हैं। सूत्रों के अनुसार, वे 16 अक्टूबर को नामांकन दाखिल कर सकते हैं। इस बार का चुनाव उनके लिए प्रतिष्ठा का विषय होगा, जहां वे फिर से विकास को ही मुख्य मुद्दा बनाएंगे।

