बक्सर, 13 दिसम्बर (विक्रांत) दानापुर रेल मंडल ने टिकट जांच के क्षेत्र में नवंबर 2025 में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की है। मंडल द्वारा चलाए गए नियमित एवं प्रभावी टिकट जांच अभियानों के तहत नवंबर माह में कुल 1.23 लाख यात्रियों से 6 करोड़ 16 लाख रुपये की रिकॉर्ड वसूली की गई है।

इस कार्रवाई से रेल राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।रेल अधिकारियों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में नवंबर 2025 तक दानापुर मंडल ने अब तक 8 लाख 61 हजार अनाधिकृत एवं अनियमित यात्रियों से करीब 43 करोड़ रुपये की वसूली की है। यह उपलब्धि मंडल के निरंतर, सघन और योजनाबद्ध टिकट जांच अभियानों का प्रत्यक्ष प्रमाण मानी जा रही है। रेलवे की इस सख्ती से बिना टिकट यात्रा करने वालों में हड़कंप मच गया है।इस सफलता में मंडल के विशेष ‘लाल गाड़ी’ टिकट जांच अभियान की अहम भूमिका रही है। इस अभियान के तहत स्टेशनों और ट्रेनों में गहन जांच की जा रही है, जिससे यात्रियों में जागरूकता बढ़ी है और बिना टिकट यात्रा की प्रवृत्ति में कमी आई है।

अचानक होने वाली जांच से यात्रियों को हर समय सतर्क रहना पड़ रहा है।दानापुर मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अभिषेक कुमार तिवारी एवं सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री प्रदीप कुमार के नेतृत्व में यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि राजस्व की सुरक्षा और ईमानदार यात्रियों के हित में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर उचित श्रेणी में ही यात्रा करें और भारतीय रेल की सेवाओं का नियमों के अनुरूप लाभ उठाएं। दानापुर मंडल की यह कार्रवाई आने वाले दिनों में और तेज होने के संकेत दे रही है।

