नई दिल्ली, 06 नवम्बर (अशोक “अश्क”) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने बुधवार को दक्षिण अफ्रीका को लेकर एक विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि दक्षिण अफ्रीका को अब जी-20 प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के समूह में शामिल नहीं रहना चाहिए। ट्रंप ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि वे इस महीने के अंत में होने वाले जी-20 नेताओं के शिखर सम्मेलन में शामिल नहीं होंगे।
मियामी के एक बिज़नेस फोरम में ट्रंप ने घोषणा की कि वे जोहान्सबर्ग में होने वाले आगामी जी-20 समिट में शिरकत नहीं करेंगे। उनका कहना था कि दक्षिण अफ्रीका की मौजूदा सरकार दमनकारी नीतियों पर चल रही है और विशेष रूप से श्वेत किसानों (White South African farmers) के खिलाफ मानवाधिकारों का उल्लंघन हो रहा है। ट्रंप ने कहा कि ऐसे देश को वैश्विक प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के मंच पर जगह नहीं मिलनी चाहिए।

यह बयान ऐसे समय में आया है जब दक्षिण अफ्रीका पहली बार जी-20 की अध्यक्षता संभाल रहा है और 22–23 नवंबर को समिट की मेजबानी की तैयारियों में जुटा है। दक्षिण अफ्रीकी सरकार ने ट्रंप के आरोपों को “भ्रामक और राजनीतिक रूप से प्रेरित” बताते हुए सिरे से खारिज कर दिया है।
ट्रंप ने कहा कि मियामी उन लोगों के लिए शरणस्थल रहा है जो दक्षिण अफ्रीका में “कम्युनिस्ट अत्याचार” से भागकर आए हैं। वहीं, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने पुष्टि की है कि वे ट्रंप की अनुपस्थिति में सोवेटो में होने वाले जी-20 सम्मेलन में अमेरिका का प्रतिनिधित्व करेंगे।

