
बक्सर, 06 जनवरी (विक्रांत) गरीबों की बस्ती पर कार्रवाई, मनरेगा की कमजोर होती स्थिति और मजदूर विरोधी कानूनों के खिलाफ मंगलवार को डुमराव प्रखंड सह अंचल कार्यालय पर खेग्रामस, मनरेगा मजदूर सभा और भाकपा माले के संयुक्त आह्वान पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। धरने की अध्यक्षता खेग्रामस अध्यक्ष कन्हैया पासवान ने की, जबकि संचालन भाकपा माले प्रखंड सचिव धर्मेंद्र सिंह यादव ने किया।

धरने को संबोधित करते हुए भाकपा माले राज्य कमिटी सदस्य व पूर्व विधायक अजीत कुशवाहा ने कहा कि भीषण ठंड में गरीबों की बस्तियां उजाड़ना अमानवीय और संविधान विरोधी है। उन्होंने प्रशासन से इस कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। साथ ही मनरेगा को कमजोर किए जाने का आरोप लगाते हुए इसके पुनः सशक्त बहाली की मांग उठाई।वक्ताओं ने चार श्रम संहिताओं को मजदूर विरोधी बताते हुए उन्हें वापस लेने, सभी दलित-गरीब भूमिहीनों को पांच डिसमिल जमीन और जहां बसे हैं वहां का पर्चा देने की मांग की।

किसान महासभा के जिलाध्यक्ष नवल किशोर ने कहा कि सरकार किसान-मजदूर विरोधी नीतियां लागू कर रही है।धरने में बड़ी संख्या में पार्टी नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और सैकड़ों मजदूर-किसान शामिल हुए।

