समस्तीपुर, 30 सितम्बर (मोहम्मद जमशेद) पूसा प्रखंड के ठहरा पंचायत के वार्ड संख्या 11 में नल जल योजना से जलापूर्ति बंद होने के विरोध में रविवार को शहीद ए आजम भगत सिंह अंबेडकर विचार मंच पंचायत कमिटी के बैनर तले सैकड़ों ग्रामीणों ने प्रतिरोध सभा की। कार्यक्रम का नेतृत्व कॉमरेड दीप नारायण राय ने किया।

सभा को संबोधित करते हुए मंच के जिला संयोजक कॉमरेड राम कुमार ने कहा कि दशहरा और भीषण गर्मी के समय जलापूर्ति का ठप होना प्रशासन की घोर लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि जलापूर्ति बहाल नहीं हुई तो चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह प्रशासन की होगी।
सभा में मजदूर नेता मुंशी लाल राय, किसान नेता ब्रज किशोर राय, छात्र नेता शशि रंजन, युवा नेता रवि रंजन समेत कई वक्ताओं ने भाग लिया। आंदोलन में सैकड़ों ग्रामीणों की भागीदारी रही, जिन्होंने जल संकट को लेकर एकजुट होकर आवाज़ उठाई।

