
पटना, 27 दिसम्बर (पटना डेस्क) बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के बयान को लेकर सियासी और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। बिहार राजस्व सेवा संघ ने डिप्टी सीएम की टिप्पणियों पर कड़ी आपत्ति जताते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखा है। संघ का आरोप है कि डिप्टी सीएम सार्वजनिक मंचों से विभाग और अधिकारियों के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, जिससे राजस्व सेवा की गरिमा को गहरी ठेस पहुंच रही है।

संघ ने कहा है कि “श्मशान तक पीछा करेंगे”, “खड़े-खड़े सस्पेंड कर देंगे” और “ऑन द स्पॉट फैसला” जैसी टिप्पणियां व्यक्ति की गरिमा का उल्लंघन हैं और गैर-संवैधानिक सोच को दर्शाती हैं। संघ का आरोप है कि डिप्टी सीएम विभागीय मर्यादा के बजाय तालियां बटोरने को प्राथमिकता दे रहे हैं।पत्र में मुख्यमंत्री से मांग की गई है कि वे हस्तक्षेप कर डिप्टी सीएम की इस तरह की बयानबाजी पर तत्काल रोक लगाएं। संघ ने जन संवाद कार्यक्रमों को “फील्ड ट्रायल” बताते हुए कहा कि यदि ऐसे कार्यक्रमों का कोई स्पष्ट मॉडल तय नहीं किया गया, तो उनका बहिष्कार किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि पूर्णिया के जन संवाद कार्यक्रम में डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कहते हुए विवादित टिप्पणी की थी। इससे पहले भी वे कई मंचों से अधिकारियों को फटकार लगा चुके हैं। संघ की चेतावनी के बाद सरकार पर दबाव बढ़ता नजर आ रहा है।

