
बक्सर, 26 दिसंबर (विक्रांत) जिला पदाधिकारी बक्सर श्रीमती साहिला ने गुरुवार को पूर्वाह्न 10:30 बजे समाहरणालय परिसर का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्था की पोल खोल दी।

अचानक पहुंचे डीएम को कई शाखाओं में गंदगी और अव्यवस्था देखकर गहरी नाराजगी हुई, जिसके बाद अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।निरीक्षण के दौरान आपदा शाखा, पंचायत शाखा और दिव्यांगजन कोषांग में साफ-सफाई की स्थिति बेहद असंतोषजनक पाई गई। अन्य कार्यालयों में भी अव्यवस्था और फाइलों का सही रख-रखाव नहीं दिखा। डीएम ने सभी शाखा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपनी देखरेख में तत्काल साफ-सफाई सुनिश्चित कराएं और अनावश्यक सामग्री व पुराने उपकरण हटवाएं।संचिकाओं के रख-रखाव को लेकर भी सख्ती दिखाई गई।

डीएम ने विभागीय नियमों का पालन करते हुए अकार्यरत संचिकाओं को विधिवत अभिलेखागार में भेजने का आदेश दिया।निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि दिव्यांगजन कोषांग, सैनिक कल्याण और अभिलेखागार में एक साथ बड़ी संख्या में कर्मी अवकाश पर थे।

इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए निर्देश दिया कि एक साथ अधिक कर्मियों का अवकाश स्वीकृत न किया जाए।नजारत उप समाहर्ता को पूरे समाहरणालय परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के समय उप विकास आयुक्त, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

