
बक्सर, 22 फरवरी (विक्रांत) डुमरांव अनुमंडल के पांच प्रखंडों और दो नगर इकाइयों में जनता दल (यूनाइटेड) का सांगठनिक चुनाव रविवार को शांतिपूर्ण और उत्सवी माहौल में संपन्न हो गया। चुनाव प्रक्रिया डुमरांव नगर स्थित बंधन लॉज में जिला निर्वाचन अधिकारी कुमार जैनेंद्र उर्फ संतोष चौधरी की देखरेख में पूरी हुई।

प्रखंड अध्यक्ष पद पर अजय चंद लोदी दोबारा सर्वसम्मति से निर्विरोध निर्वाचित हुए, जबकि नगर जदयू अध्यक्ष के रूप में गोपाल प्रसाद गुप्ता लगातार तीसरी बार निर्विरोध चुने गए। चुनाव के दौरान निर्वाची पदाधिकारी संजय कुमार सिंह और पर्यवेक्षक प्रभु कुमार गोड़ मौजूद रहे।

जिला चुनाव प्रभारी कुमार जैनेंद्र ने बताया कि ब्रह्मपुर, चौंगाई, सिमरी, चक्की प्रखंड इकाई तथा ब्रह्मपुर नगर इकाई में भी अध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध चुनाव संपन्न हुआ। सातों इकाइयों में सर्वसम्मति से नेतृत्व चुने जाने पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया।हालांकि नावानगर और केसठ प्रखंड में तिथि को लेकर आम सहमति नहीं बन पाने के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया है। कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

