बक्सर, 24 अक्तूबर (विक्रांत) डुमरांव विधानसभा क्षेत्र में शनिवार का दिन चुनावी सरगर्मी से भरा रहेगा। एनडीए और इंडिया गठबंधन के दो बड़े नेता एक ही दिन यहां पहुंचने वाले हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार की दोपहर राज हाईस्कूल के खेल मैदान में जदयू प्रत्याशी राहुल कुमार सिंह के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे।

वहीं, दूसरी ओर इंडिया गठबंधन के प्रमुख नेता और माले के राष्ट्रीय सचिव दीपंकर भट्टाचार्य अपने दलीय प्रत्याशी डा. अजीत कुमार सिंह के समर्थन में रोड शो करेंगे।

दीपंकर भट्टाचार्य शनिवार की सुबह नया भोजपुर से रोड शो की शुरुआत करेंगे, जो डुमरांव नगर व नंदन क्षेत्र से होते हुए विभिन्न इलाकों में निकलेगा। इसके बाद वे करीब साढ़े दस बजे राजगढ़ चौक के निकट स्थित चुनाव कार्यालय में पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करेंगे। यह जानकारी निवर्तमान विधायक व प्रत्याशी डा. अजीत कुमार सिंह के प्रतिनिधि नीरज कुमार ने दी। डुमरांव में दोनों नेताओं के आगमन से राजनीतिक माहौल में उत्साह और प्रतिस्पर्धा दोनों चरम पर हैं।

