
बक्सर, 16 मार्च (विक्रांत) डुमरांव नगर क्षेत्र में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) का तीसरा नगर स्तरीय सम्मेलन जोश और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। सम्मेलन में पार्टी संगठन को मजबूत करने, वार्ड स्तर तक जनसंपर्क अभियान तेज करने तथा गरीबों, मजदूरों और किसानों के मुद्दों पर व्यापक संघर्ष छेड़ने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य उद्घाटनकर्ता के रूप में पार्टी के केंद्रीय कमिटी सदस्य सह जिला सचिव कॉमरेड नवीन उपस्थित रहे।सम्मेलन को संबोधित करते हुए कॉमरेड नवीन ने कहा कि वर्तमान समय में देश की राजनीति कई गंभीर चुनौतियों से गुजर रही है। ऐसे दौर में लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और संविधान की रक्षा के लिए जनसंगठनों की भूमिका पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि आम जनता से जुड़े मुद्दों पर संगठित संघर्ष ही समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकता है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि पार्टी के सिद्धांतों और जनहित के सवालों को लेकर वार्ड-वार्ड तक पहुंच बनानी होगी और गरीबों, मजदूरों तथा वंचित वर्गों की समस्याओं को मजबूती से उठाना होगा।सम्मेलन में किसानों की समस्याओं, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि इन सवालों को लेकर जनआंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा आम लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा।

नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आगामी दिनों में गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद स्थापित करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। साथ ही पंचायत स्तर पर संगठन को मजबूत करने और नए लोगों को पार्टी से जोड़ने पर भी विशेष बल दिया गया।कार्यक्रम के दौरान प्रखण्ड सचिव धर्मेन्द्र यादव, पर्यवेक्षक ललन राम तथा अतिथि के रूप में कन्हैया राम, मानरूप जी और प्रभात कुमार ने भी अपने विचार रखे। सम्मेलन में भगवान दास, शंकर तिवारी, सुरेश राम, छविनाथ पासवान, बुधिया देवी, कन्हैया चौधरी, बाबूलाल राम, सर्वेश पाण्डेय, जाबिर कुरैशी, रूबी शर्मा, पूजा कुमारी, ओमप्रकाश पाल और नरेंद्र कुमार समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।सम्मेलन के अंत में आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर रणनीति बनाई गई। साथ ही सर्वसम्मति से 21 सदस्यीय नगर कमिटी का गठन किया गया, जिसमें कृष्णा राम को नगर सचिव चुना गया। सम्मेलन के सफल आयोजन से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखा गया।

