बक्सर, 24 अक्टूबर (विक्रांत) आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर स्वीप कोषांग, बक्सर के निर्देशन में जिलेभर में मतदाता जागरूकता अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में डुमरांव प्रखंड के नवाँव पंचायत और नया भोजपुर केंद्र की आंगनवाड़ी सेविकाओं ने सीडीपीओ शबाना की देखरेख में अनोखे अंदाज में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।

कार्यक्रम के तहत सेविकाओं ने रंगोली, मेहंदी, नारे लेखन और कैंडल मार्च के माध्यम से ग्रामीणों को मतदान के प्रति प्रेरित किया। नया भोजपुर केंद्र की सेविकाओं ने रंगोली के जरिए जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों का चित्रण करते हुए लोगों को मतदान का संदेश दिया, वहीं नवाँव पंचायत की सेविकाओं ने किशोरियों और महिलाओं से लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान सेविकाओं ने “पहले मतदान, फिर जलपान” और “मेरा वोट, मेरा अधिकार” जैसे नारों से लोगों को जागरूक किया। कैंडल जलाकर उन्होंने मतदान दिवस पर अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की। इन रचनात्मक अभियानों से ग्रामीण इलाकों में विशेषकर महिलाओं और युवतियों में मतदान को लेकर उत्साह और जागरूकता का वातावरण दिखाई दे रहा है।

