पटना, 17 अक्तूबर (पटना डेस्क) डुमरांव विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को नामांकन दाखिले के अंतिम दिन महाराष्ट्र कैडर की महिला आईएएस अधिकारी एवं निर्वाचन प्रेक्षक ए. एन. गुंडे ने अनुमंडल कार्यालय पहुंचकर नामांकन प्रक्रिया का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।

चुनाव प्रेक्षक ने राज उच्च विद्यालय स्थित सभी मतदान केंद्रों की भौगोलिक स्थिति, पहुंच मार्ग और मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं जैसे पेयजल, शौचालय, रैंप, शेड और प्रकाश व्यवस्था की सूक्ष्म जांच की। मौके पर मौजूद डुमरांव बीडीओ से प्रेक्षक ने मतदान केंद्रों और विधानसभा क्षेत्र की भौगोलिक स्थितियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
प्रेक्षक ने सभी बीएलओ से संवाद स्थापित कर मतदाता सूची, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने की स्थिति और मतदाता जागरूकता गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिया कि मतदान के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए अभियान चलाएं। साथ ही, पिंक बूथों और सामान्य मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

