पटना, 14 सितंबर (पटना डेस्क) भाकपा-माले के राज्य सचिव कॉमरेड कुणाल ने निवर्तमान विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह को पार्टी का चुनाव चिन्ह सौंपकर डुमरांव विधानसभा सीट से महागठबंधन का आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया। इस अवसर पर पार्टी और महागठबंधन के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया। डॉ. सिंह का दोबारा नामांकन क्षेत्रीय जनता के भरोसे और समर्थन का प्रतीक माना जा रहा है।

डॉ. सिंह ने कहा कि यह उनके लिए सम्मान की बात है और जनसेवा का पुनः अवसर भी है। उन्होंने डुमरांव की जागरूक और स्नेही जनता के प्रेम और आशीर्वाद को इस नामांकन का कारण बताया। डॉ. सिंह ने जनता से सहयोग और मार्गदर्शन की अपील करते हुए कहा कि वे डुमरांव को विकास, न्याय और समावेश की दिशा में आगे ले जाने का संकल्प लेकर काम करेंगे।
राजद के वरिष्ठ नेता जगनारायण सिंह यादव और सीपीआई के कृष्णा प्रसाद ने डॉ. सिंह की सराहना करते हुए कहा कि वे एक अनुभवी, संघर्षशील और समर्पित जनप्रतिनिधि हैं। उनकी साफ-सुथरी छवि और जनता से गहरा जुड़ाव उन्हें क्षेत्र का विश्वसनीय नेता बनाता है, जो सामाजिक न्याय, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के मुद्दों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं।

