नई दिल्ली, 12 अक्तूबर (अशोक “अश्क”) डूरंड रेखा पर अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। शनिवार रात अफगान सेना ने पाकिस्तानी सेना की कई चौकियों पर हमला कर दिया, जिसमें 6 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और दो को जिंदा पकड़ लिया गया है।

अफगान रक्षा मंत्रालय के अनुसार, ये हमले पाकिस्तान द्वारा गुरुवार रात काबुल और पक्तिका में किए गए एयर स्ट्राइक के जवाब में किए गए हैं।
अफगान बलों ने डूरंड रेखा के किनारे कुनार, खोस्त, पक्तिया, पक्तिका और हेलमंद में पाक घुसपैठ का जवाब देते हुए हमला बोला। रिपोर्टों के अनुसार, अफगान बलों ने कंधार के मैवंद जिले में पाक सेना की कई चौकियों पर कब्जा कर लिया है। तालिबान ने दावा किया है कि नंगरहार और कुनार में काल्पनिक डूरंड रेखा के पास भी पाक चौकियों पर हमले किए गए हैं।
वहीं, शनिवार को पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में डेरा इस्माइल खान पुलिस प्रशिक्षण केंद्र पर हुए एक अन्य हमले में 7 पुलिसकर्मी मारे गए और 13 घायल हुए हैं। इस हमले में अफगान तालिबान की भूमिका स्पष्ट नहीं है, लेकिन सीमा पर हालात बेहद तनावपूर्ण हैं।

