नई दिल्ली, 23 अक्तूबर (सेंट्रल डेस्क) तमिलनाडु में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। राज्य के कई जिलों में सड़कों और रिहायशी इलाकों में पानी भर गया है, वहीं धान की फसलें जलमग्न हो गई हैं। चेन्नई में जलाशयों का जलस्तर तेजी से बढ़ने के बाद प्रशासन ने एहतियातन तीन प्रमुख बांधों चेम्बरमबक्कम, पूझल (रेड हिल्स) और पूंडी से पानी छोड़े जाने की घोषणा की है।

जल संसाधन विभाग ने बताया कि यह कदम अतिरिक्त जल को समुद्र में सुरक्षित रूप से बहाने के लिए उठाया गया है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराएं नहीं।
इस बीच, मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि दक्षिण-पूर्व अरब सागर में बना गहरा दबाव अगले 24 घंटे में उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ सकता है। वहीं, तमिलनाडु तट के पास बंगाल की खाड़ी में सक्रिय एक अन्य दबाव क्षेत्र अगले 12 घंटे में डिप्रेशन (अत्यधिक दबाव) में बदल सकता है। इससे राज्य में आने वाले दिनों में और अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है।
उधर, उत्तर भारत में भी मौसम ने करवट बदली है। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बुधवार तड़के ठंड बढ़ गई। कुल्लू में झमाझम बारिश हुई, जबकि लाहौल घाटी में इस सीजन का दूसरा हिमपात दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि आने वाले दिनों में उत्तर भारत के पर्वतीय इलाकों में तापमान में और गिरावट की संभावना है।

