
समस्तीपुर, 23 फरवरी (समस्तीपुर डेस्क) बिहार के समस्तीपुर जिले के ताजपुर नगर परिषद वार्ड 15 में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। भेरोखरा काली पोखर के पास तेज रफ्तार ऑल्टो कार ने 10 से 12 लोगों को कुचल दिया, जिसमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घायल सभी लोग वार्ड 7 के बहेलिया टोला निवासी हैं, जो कारीगर बाबा की पूजा के लिए काली पोखर में स्नान करने आए थे। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को ताजपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से तीन की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक नशे में था और हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने कार को पकड़कर पोखर में फेंक दिया। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश जारी है।

