नई दिल्ली, 16 सितम्बर (अशोक “अश्क”) तेलुगू सिनेमा इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रहा है। जहां बड़ी-बजट की हिंदी और दूसरी भाषाओं की फिल्में सिनेमाघरों में टिक नहीं पा रहीं, वहीं साउथ की कई छोटी फिल्में चुपचाप बड़े रिकॉर्ड बना रही हैं। हाल ही में रिलीज़ हुई तेलुगू फिल्म लिटिल हार्ट्स (Little Hearts) इसका बेहतरीन उदाहरण बन गई है। 5 सितंबर को रिलीज हुई इस फिल्म ने महज 10 दिनों में करीब 32 करोड़ रुपये की कमाई कर सबको चौंका दिया है। खास बात यह है कि फिल्म का बजट केवल तीन करोड़ रुपये था।

फिल्म की सफलता का राज उसकी मजबूत कहानी और कलाकारों की दमदार परफॉर्मेंस है। यह फिल्म भले ही बड़े स्टार्स या भारी-भरकम प्रमोशन के साथ नहीं आई हो, लेकिन दर्शकों के बीच इसकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है। पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ और सोशल मीडिया पर शानदार रिव्यूज ने फिल्म को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई।
लिटिल हार्ट्स की कहानी एक ऐसे युवक के इर्द-गिर्द घूमती है जो एक एंट्रेंस एग्जाम में फेल हो जाता है। इसके बाद वह कोचिंग क्लास जॉइन करता है, जहां उसकी मुलाकात एक लड़की से होती है। पहले तो लड़की उसे रिजेक्ट कर देती है, लेकिन लड़का हार नहीं मानता और अपने जज्बे व मेहनत से उसका दिल जीतने की कोशिश करता है। इस संघर्ष में वह खुद को भी साबित करता है।
फिल्म का निर्देशन साई मार्तंड ने किया है, जिन्होंने बेहद सादगी भरे अंदाज़ में एक आम कहानी को खास बना दिया है।
फिल्म में मौली तनुज प्रशांत, शिवानी नगरम और राजीव कनकतला लीड रोल में नजर आए हैं। इन कलाकारों ने अपने किरदारों में सच्चाई और गहराई से जान डाल दी है, जिससे दर्शक इनसे जुड़ाव महसूस कर सके हैं।
गौरतलब है कि फिलहाल तेलुगू फिल्म इंडस्ट्री में कोई बड़ी फिल्म रिलीज नहीं हो रही है। अगली बड़ी उम्मीद पवन कल्याण की फिल्म दे कॉल हिम ओजी से है। तब तक लिटिल हार्ट्स को बॉक्स ऑफिस पर खुला मैदान मिला हुआ है, जिसका फायदा फिल्म को मिल भी रहा है।
जब 100-500 करोड़ के बजट वाली फिल्में बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष कर रही हैं, तब लिटिल हार्ट्स जैसी फिल्में साबित कर रही हैं कि कहानी और अभिनय ही असली हीरो होते हैं। सिर्फ तीन करोड़ की लागत से बनी इस फिल्म ने 32 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस करके फिल्ममेकिंग की दुनिया को एक नया नजरिया दे दिया है।
इस सफलता के बाद तेलुगू सिनेमा से और भी ऐसी कहानियों की उम्मीद की जा रही है, जो सादगी में ही गहराई और सच्चाई लेकर आएं।

