सारण, 1सितम्बर (नीलेश कुमार) इस साल त्योहारों के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने एक नई विशेष ट्रेन के संचालन का निर्णय लिया है। यह ट्रेन मऊ से कोलकाता और कोलकाता से मऊ के बीच चलेगी, जिससे दशहरा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। यह साप्ताहिक त्योहार विशेष गाड़ी कुल 08 फेरों में चलाई जाएगी।

रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 05064 मऊ-कोलकाता साप्ताहिक त्योहार विशेष ट्रेन का संचालन 24 सितंबर से 12 नवंबर 2025 तक हर बुधवार को किया जाएगा। यह ट्रेन मऊ से दोपहर 1:30 बजे प्रस्थान करेगी। रास्ते में यह ट्रेन बेल्थरा रोड, सलेमपुर, भटनी, भाटपार रानी, मैरवा, सीवान, एकमा, छपरा, दिघवाड़ा, सोनपुर, हाजीपुर, समस्तीपुर, बरौनी, किऊल, जमुई, झाझा, जसीडीह, मधुपुर, चितरंजन, आसनसोल, दुर्गापुर, बर्द्धमान, बैण्डेल, नैहाटी होते हुए सुबह 8:00 बजे कोलकाता पहुंचेगी।
वहीं वापसी यात्रा में गाड़ी संख्या 05063 कोलकाता-मऊ साप्ताहिक त्योहार विशेष ट्रेन का संचालन 25 सितंबर से 13 नवंबर 2025 तक हर गुरुवार को कोलकाता से दोपहर 1:20 बजे होगा। वापसी मार्ग में यह ट्रेन नैहाटी, बैण्डेल, बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, चितरंजन, मधुपुर, जसीडीह, झाझा, जमूई, किऊल, बरौनी, समस्तीपुर, हाजीपुर, सोनपुर, दिघवाड़ा, छपरा, एकमा, सीवान, मैरवा, भाटपार रानी, भटनी, सलेमपुर, बेल्थरा रोड होते हुए सुबह 7:45 बजे मऊ पहुंचेगी।
इस विशेष ट्रेन में यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कुल 20 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 02 एलएसएलआरडी, 06 सामान्य श्रेणी, 08 शयनयान, 03 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी और 01 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के कोच शामिल होंगे।
रेल प्रशासन का यह प्रयास पूर्वांचल और बंगाल के यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत लेकर आएगा। पर्व-त्योहारों के समय ट्रेनों में भीड़ के चलते टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है, ऐसे में यह विशेष ट्रेन बड़ी संख्या में यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुँचाने में सहायक सिद्ध होगी।
रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा से पहले समय-सारणी और टिकट की जानकारी के लिए रेलवे की वेबसाइट या नजदीकी स्टेशन पर संपर्क करें।

