समस्तीपुर, 22 सितंबर (राजेश झा) दलसिंहसराय शहर के साक्षी हॉस्पिटल के डॉक्टर रंजीत कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। कुछ महीने पहले दलसिंहसराय के क्वेटा निवासी एक महिला का बच्चेदानी निकालने के दौरान हुई कथित लापरवाही के खिलाफ परिजनों ने पुलिस में आवेदन दिया था। जांच के बाद पुलिस ने डॉक्टर को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेजा गया।

यह मामला दलसिंहसराय में फर्जी डॉक्टरों की समस्या को फिर से उजागर करता है। शहर के लगभग 99% क्लीनिक ऐसे हैं जहां डॉक्टर फर्जी बताये जाते हैं। इस वजह से महिलाओं और बच्चों की जान जोखिम में पड़ती है। सालाना कई प्रसूति संबंधी मौतों का कारण फर्जी डॉक्टरों द्वारा की गई गलतियां बताई जाती हैं।
स्थानीय स्वास्थ्य विभाग और अनुमंडल अस्पताल के अधिकारी इस मामले में कड़ी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। दलसिंहसराय के डीएस और मैनेजर के समक्ष भी कई बार शिकायतें पहुंची, लेकिन उचित जांच और कार्रवाई नहीं हुई।
स्थानीय लोग स्वास्थ्य विभाग से मांग कर रहे हैं कि वे फर्जी डॉक्टरों और क्लीनिकों की पूरी जांच कर सख्त कार्रवाई करें, ताकि इस समस्या का स्थायी समाधान हो और जनता को सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

