समस्तीपुर, 22 सितम्बर (राजेश झा) दलसिंहसराय शहर स्थित आर एल महतो बी.एड. कॉलेज की नई शाखा को बीसीए (बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन) और बीबीए (बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन) कोर्स के नामांकन और संचालन की आधिकारिक स्वीकृति मिल गई है। इस कोर्स को ऑल इंडिया कौंसिल ऑफ टेक्निकल एजुकेशन (AICTE), नई दिल्ली से मान्यता प्राप्त है तथा यह आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय, पटना से संबद्ध है।

इस कोर्स में इंटरमीडिएट (आर्ट्स, साइंस या कॉमर्स) उत्तीर्ण छात्र नामांकन ले सकते हैं। इच्छुक विद्यार्थी कॉलेज से संपर्क कर सकते हैं। इस कोर्स पर बिहार सरकार की स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना भी लागू होगी, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को सहायता मिलेगी।
महाविद्यालय के महानिदेशक प्रशांत कुमार पंकज ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य तकनीकी और प्रबंधकीय शिक्षा को जन-जन तक पहुँचाना है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर उन्हें सरकारी और निजी क्षेत्रों में रोजगार के लिए सक्षम बनाना प्राथमिक लक्ष्य है।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि इन कोर्सों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्किल डेवलपमेंट, प्रशिक्षण और प्लेसमेंट की भी सुविधा दी जाएगी। यह पहल न केवल छात्रों के भविष्य को उज्जवल बनाएगी, बल्कि राज्य और देश के विकास में भी अहम योगदान देगी। जिले में इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

