नालंदा, 1 अक्टूबर (अविनाश पांडेय) बिहारशरीफ में आयोजित दशहरा मेला के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक नुरुल हक ने सख्त संदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर कोई असामाजिक तत्व मेला में गड़बड़ी फैलाने की कोशिश करता है तो पुलिस उससे सख्ती से निपटेगी।

उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्र के चिन्हित स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। मेला घूमने आए पैदल श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 30 सितंबर को नियमों का उल्लंघन करने वाले 83 वाहनों पर ₹81,500 का जुर्माना लगाया गया है और 9 ऑटो/टोटो जब्त किए गए हैं।
इसके साथ ही, देर रात मेला में ट्रिपल लोड और तेज रफ्तार से बाइक चलाने वाले 21 बाइक को डिटेन कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इनमें से कई वाहन अवयस्क चला रहे थे। अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें, अन्यथा बड़ा जुर्माना और वाहन जब्ती हो सकती है।
भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और प्रतिबंधित रूटों पर बाइक लेकर जाना मना है। स्मार्ट सिटी और ट्रैफिक पुलिस की मदद से 24×7 फाइन की व्यवस्था की गई है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बिहारशरीफ ब्लॉक कैंपस और रांची रोड ओवरब्रिज के पास वाहन पार्किंग की व्यवस्था नगर निगम द्वारा की जा रही है। इन स्थानों से पैदल चलकर आसपास के सभी दुर्गा पंडालों का दर्शन आसानी से किया जा सकता है।

