बक्सर, 07 दिसम्बर (विक्रांत) मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लंदन स्थित अंतरराष्ट्रीय संस्था वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स द्वारा वैश्विक सूची में स्थान दिया गया है। संस्था ने उनकी सुशासन नीति, विकास कार्यों और प्रशासनिक दक्षता की प्रशंसा करते हुए उन्हें सम्मानित किया है।

यह अवसर बिहार के लिए गर्व का क्षण माना जा रहा है, क्योंकि नीतीश कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर एक नया रिकॉर्ड भी स्थापित किया है।
जदयू कार्यकर्ताओं और प्रदेशवासियों में इसे लेकर उत्साह देखा जा रहा है। पार्टी के नेताओं का कहना है कि यह सम्मान न केवल मुख्यमंत्री के योगदान की पुष्टि करता है, बल्कि बिहार की बदलती छवि का भी संकेत देता है।
बिहार प्रदेश जनता दल यूनाइटेड अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विश्वविद्यालय सीनेट सदस्य नथुनी प्रसाद खरवार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स द्वारा नीतीश कुमार को वैश्विक सूची में शामिल किया जाना प्रत्येक बिहारवासी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने विकास, सामाजिक न्याय और सुशासन के माध्यम से एक नई मिसाल कायम की है।
खरवार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी।

