नई दिल्ली, 13 नवम्बर (अशोक “अश्क”) राजधानी दिल्ली में सोमवार को लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए भीषण कार ब्लास्ट ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 12 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में बिहार के समस्तीपुर जिले के 22 वर्षीय पंकज सहनी भी शामिल हैं, जिनकी मौत की खबर से उनके गांव में मातम छा गया है।

जानकारी के अनुसार, पंकज सहनी समस्तीपुर के खानपुर थाना क्षेत्र के हसनपुर फतेहपुर वार्ड संख्या-7 के निवासी थे। वे दिल्ली में एक कैब सर्विस में ड्राइवर का काम करते थे। सोमवार को पंकज अपने रिश्तेदार को पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहे थे, तभी लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए विस्फोट की चपेट में आ गए। धमाका इतना जबरदस्त था कि पंकज की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि उन्होंने शाम करीब 4:30 बजे अपने दादा निकेश से बात की थी, इसके बाद उनका फोन बंद हो गया। देर रात टीवी पर जब ब्लास्ट की खबरें और तस्वीरें आईं, तो परिवार को उनकी मौत की पुष्टि हुई।
घटना से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पंकज के पिता रामबालक सहनी और अन्य परिजन दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं ताकि शव को गांव लाया जा सके।
इस बीच, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हादसे पर गहरा शोक जताते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने जांच एजेंसियों को विस्फोट के हर पहलू की गहराई से जांच करने और जल्द रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।

