नई दिल्ली, 12 नवम्बर (अशोक “अशोक “अश्क”) दिल्ली ब्लास्ट की जांच में सुरक्षा एजेंसियों को चौंकाने वाले सुराग मिले हैं। जांच के मुताबिक, आतंकियों का निशाना सिर्फ दिल्ली नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश के धार्मिक शहर अयोध्या और वाराणसी भी थे। आतंकी वाराणसी और अयोध्या में एक साथ बड़े धमाकों की साजिश रच रहे थे।

यह खुलासा फरीदाबाद से गिरफ्तार आतंकी मॉड्यूल की सदस्य डॉ. शाहीन से पूछताछ में हुआ है। सूत्रों के अनुसार, शाहीन ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने अयोध्या में स्लीपर मॉड्यूल को सक्रिय कर रखा था, जो राम मंदिर और आसपास के धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की तैयारी में था।
हालांकि, स्लीपर सेल अपने मंसूबों को अंजाम दे पाता, उससे पहले ही एटीएस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में फरीदाबाद में विस्फोटकों की बड़ी खेप बरामद कर ली गई।
सुरक्षा एजेंसियां अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही हैं। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि यह मॉड्यूल कई राज्यों में फैला हुआ था और दिल्ली धमाके सिर्फ इसकी शुरुआत थी।

