नई दिल्ली, 22 सितम्बर (अशोक “अश्क”) विशाल भारद्वाज की फिल्म मकबूल भारतीय सिनेमा की उन क्लासिक फिल्मों में शामिल है, जो हमेशा याद की जाएंगी। यह फिल्म शेक्सपियर के नाटक मैकबेथ पर आधारित थी, और इसमें इरफान खान, ओम पुरी, नसीरुद्दीन शाह, तब्बू, पंकज कपूर और पीयूष मिश्रा जैसे दिग्गज कलाकारों ने शानदार अभिनय किया। फिल्म में दीपक डोबरियाल ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। हाल ही में दीपक ने मकबूल के सेट पर बिताए गए पलों को लेकर कुछ दिलचस्प किस्से साझा किए, जिसमें इरफान खान का एक मजेदार वाकया सामने आया।

दीपक ने बताया कि फिल्म के एक महत्वपूर्ण सीन में पीयूष मिश्रा के किरदार की मौत हो रही थी। इस सीन में ओम पुरी को “हवेली” शब्द बोलना था, लेकिन उनके उच्चारण पर पूरा सेट हंसी से गूंज उठा। डायरेक्टर विशाल भारद्वाज ने मजाक में कहा, “इसमें पंजाबी टच आ गया है।” इसके बाद ओम पुरी और नसीरुद्दीन शाह ने जानबूझकर उस शब्द को और मजाकिया तरीके से बोलना शुरू कर दिया। दीपक ने बताया कि बार-बार हंसी और रीटेक की वजह से शूटिंग अटक गई और काम में रुकावट आ गई।
तभी, इमोशनल सीन की तैयारी में गहरे डूबे इरफान खान अचानक गुस्से में आ गए और उन्होंने ओम पुरी और नसीरुद्दीन शाह को गाली दे दी। इसके बाद उन्होंने तुरत माफी मांगी और कहा, “मुझे लगा गाली देकर एक्टिंग हो जाएगी।” दीपक ने आगे कहा कि इस वाकये के बाद सेट का माहौल पूरी तरह से बदल गया और किसी ने भी मजाक करने की हिम्मत नहीं की। यह वाकया पूरी टीम के लिए एक मजेदार और यादगार अनुभव बन गया।
मकबूल फिल्म ने इरफान खान के करियर में एक बड़ा मोड़ लाया और उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में नई पहचान दिलाई। इस फिल्म का असर सिर्फ इरफान के करियर पर ही नहीं, बल्कि सभी कलाकारों के अभिनय पर पड़ा। दीपक डोबरियाल ने इस वाकये को याद करते हुए कहा कि मकबूल की शूटिंग के दौरान सेट पर एक अलग ही ऊर्जा थी, जो फिल्म के सफलता में अहम योगदान देती है।
दीपक डोबरियाल इन दिनों फिल्म जुगनुमा: द फेबल में नजर आ रहे हैं, जो फिलहाल सिनेमाघरों में चल रही है।

