नई दिल्ली, 29 सितम्बर (अशोक “अश्क”) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी से गगन सिनेमा तक बने छह लेन फ्लाईओवर का लोकार्पण किया। करीब 180 करोड़ रुपये की लागत से बने इस 1.4 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर से प्रतिदिन एक लाख से अधिक वाहन गुजरेंगे, जिससे ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी। इस मौके पर लोक निर्माण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह और सांसद मनोज तिवारी भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फ्लाईओवर वर्षों से अधूरा था, जिसे मौजूदा सरकार ने समय पर पूरा कर जनता को समर्पित किया। इससे प्रदूषण में कमी आएगी, ईंधन की बचत होगी और नागरिकों का सफर आसान होगा। मंत्री साहिब सिंह ने बताया कि 27 पेड़ों के कारण यह परियोजना 16 महीने अटकी रही थी, लेकिन सरकार ने पर्यावरणीय अनुमति की प्रक्रिया को पारदर्शी ढंग से पूरा कर इसका समाधान किया।
यह फ्लाईओवर मंगल पांडे रोड को सिग्नल फ्री बनाने की योजना का अहम हिस्सा है। इसके चालू होने से नंद नगरी और गगन सिनेमा जंक्शन अब पूरी तरह सिग्नल फ्री हो जाएंगे, जिससे उत्तर-पूर्वी दिल्ली में यातायात और कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा।

