बक्सर, 24 अक्टूबर (विक्रांत) विधानसभा आम चुनाव 2025 के अंतर्गत मतदाता जागरूकता अभियान के तहत आज नाथबाबा मंदिर परिसर, बक्सर में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी बक्सर, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त तथा अपर समाहर्ता बक्सर की गरिमामयी उपस्थिति रही।

उपस्थित पदाधिकारियों ने नागरिकों से “Mission 75%” के लक्ष्य को सफल बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने का सबसे बड़ा माध्यम मतदान है। प्रत्येक पात्र मतदाता का यह कर्तव्य है कि वह अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करे। इस अवसर पर जीविका दीदियों ने दीप प्रज्वलन कर मतदान की शपथ ली और लोगों को अधिक से अधिक मतदान करने के लिए प्रेरित किया। दीपों की रौशनी से पूरा परिसर आलोकित हो उठा। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं मतदान करेंगे और दूसरों को भी प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन स्वीप कोषांग, बक्सर के तत्वावधान में किया गया, जिसका उद्देश्य था “लोकतंत्र के दीप जलाकर मतदान के महापर्व को जन-जन तक पहुँचाना।”

