पटना, 26 अक्टूबर (पटना डेस्क) बिहार विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के प्रयासों के बीच नालंदा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। जिले के वेना थाना क्षेत्र के नीमकाल गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर ढाई क्विंटल गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत 30 लाख रुपये बताई गई है। इस दौरान एक देसी हथियार, कारतूस, 29 हजार रुपये नकद और नालंदा नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त की गई।

एसडीपीओ-2 संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि 25 अक्टूबर की रात करीब 9:45 बजे यह कार्रवाई थानाध्यक्ष दिनेश कुमार के नेतृत्व में की गई। टीम ने गांव निवासी उमेश प्रसाद के पुत्र विकास कुमार के घर और उसके बथान की घेराबंदी कर तलाशी ली, जहां भारी मात्रा में गांजा छिपाया गया था।
पुलिस ने इस मामले में नीमकाल गांव निवासी स्व. राम सहाय गोप के पुत्र उमेश प्रसाद और उनके पुत्र लालू कुमार को गिरफ्तार किया है। दोनों रिश्ते में पिता-पुत्र हैं और प्रारंभिक जांच में इनके गांजा के बड़े कारोबार में शामिल होने की पुष्टि हुई है। पुलिस अब उनके बैकवर्ड और फारवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है ताकि सप्लाई चैन का पूरा नेटवर्क उजागर किया जा सके।
एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ में कई अहम जानकारियाँ मिली हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी दल में थानाध्यक्ष के अलावा अवर निरीक्षक नवीन कुमार, सहायक अवर निरीक्षक राकेश रंजन, मुकेश कुमार पंडित, मोहम्मद शमशाद अली अंसारी और महिला सिपाही गुड़िया कुमारी की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि चुनाव के दौरान अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्त निगरानी रखी जाएगी ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था कायम रह सके।

