नालंदा, 18 सितंबर (अविनाश पांडेय) नालंदा जिले में आगामी दुर्गा पूजा एवं अन्य त्यौहारों को शांतिपूर्ण और हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से आज 18 सितंबर 2025 को जिला शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी कुंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक भारत ने की।

बैठक में प्रमुख रूप से दुर्गा पूजा के आयोजन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी पूजा पंडालों के लिए लाइसेंस अनिवार्य होगा, और डीजे पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। मूर्ति विसर्जन के लिए निर्धारित समय और रूट के अनुसार ही विसर्जन होगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि प्रत्येक पूजा पंडाल के 20 वॉलिंटियर्स के पहचान पत्र और मोबाइल नंबर दिए जाएं।
सुरक्षा को लेकर कई कदम उठाए गए हैं, जिनमें पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे और वीडियोग्राफी की व्यवस्था, ड्रोन कैमरों द्वारा निगरानी, और फ्लैग मार्च शामिल हैं। साथ ही, सोशल मीडिया पर निगरानी रखने और भ्रामक खबरे फैलाने वालों पर कार्रवाई करने के लिए भी खास उपाय किए जाएंगे।
पुलिस अधीक्षक ने गुंडा परेड कराने, उपद्रवियों और संदिग्धों पर कड़ी निगरानी रखने, और शराब पीने वालों पर कार्रवाई करने की बात की। उन्होंने ट्रैफिक मैनेजमेंट और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चौकसी की भी बात की।
इस अवसर पर नगर आयुक्त दीपक कुमार मिश्रा, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। जिलाधिकारी ने जिले भर में दुर्गा पूजा को आपसी भाईचारे और सद्भावना के माहौल में संपन्न कराने की अपील की।

