
नालंदा, 22 दिसंबर (अविनाश पांडेय) बिहार सरकार के परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने सोमवार सुबह नालंदा जिले के बिहारशरीफ स्थित मुख्य सरकारी बस स्टैंड का औचक निरीक्षण कर परिवहन व्यवस्था की पोल खोल दी। बस स्टैंड की जर्जर हालत देखकर मंत्री ने नाराजगी जताई और तत्काल सुधार व पुनर्निर्माण का भरोसा दिलाया।डिपो इंचार्ज और डीटीओ नालंदा की मौजूदगी में मंत्री ने कार्यालय से लेकर पूरे परिसर का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि फिलहाल बस स्टैंड से केवल 41 बसों का परिचालन हो रहा है और कर्मचारियों की भारी कमी है।

मंत्री ने स्पष्ट कहा कि यह बस स्टैंड अब खंडहर नहीं रहेगा। इसका पुनर्निर्माण कराया जाएगा, नया कार्यालय बनेगा और यात्रियों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर देते हुए मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री का लक्ष्य है कि हर नागरिक तक सुलभ परिवहन सुविधा पहुंचे। मुख्यमंत्री परिवहन योजना के तहत प्रखंड से जिला तक सात-सात वाहन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। पंचायत से प्रखंड तक आवागमन के लिए भी बड़े पैमाने पर योजना बनाई गई है।

मंत्री ने दो नई बस सेवाओं की घोषणा करते हुए बताया कि पटना-दनियावां-बिहारशरीफ-राजगीर और पटना-हिलसा-इस्लामपुर-राजगीर-हिसुआ-रजौली रूट पर जल्द बसें चलेंगी। इन मार्गों का वर्कआउट पूरा हो चुका है।उन्होंने कहा कि पीपीपी मोड पर बसें चलाई जाएंगी और जहां संभव होगा, वहां परिवहन निगम स्वयं संचालन करेगा। मंत्री ने यह भी संकेत दिए कि बिहारशरीफ से दिल्ली की बंद बस सेवा को फिर शुरू करने पर बातचीत चल रही है।

