पटना, 12 नवम्बर (पटना डेस्क) नालन्दा जिले में 14 नवंबर 2025 को मतगणना कार्य के सफल आयोजन के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, नालन्दा जिला के सभी विधानसभा क्षेत्रों में 6 नवम्बर को संपन्न मतदान की मतगणना 14 नवम्बर को प्रातः 8 बजे नालन्दा कॉलेज, बिहारशरीफ में होगी।

इस अवसर पर नालन्दा कॉलेज परिसर एवं बिहारशरीफ शहरी क्षेत्रों में विधि व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति के साथ सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। मतगणना केन्द्र से 500 मीटर की परिधि में पांच या अधिक व्यक्ति एकत्रित नहीं होंगे, किसी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र या विस्फोटक पदार्थ ले जाना प्रतिबंधित होगा और विजय जुलूस निकालने पर रोक रहेगी।
निर्देशों के अनुसार, मतगणना के पश्चात पोल्ड ईवीएम सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी निर्वाचित पदाधिकारियों की होगी। साथ ही मतगणना परिसर में बिना पास के किसी भी वाहन या व्यक्ति का प्रवेश निषिद्ध रहेगा। कुंदन कुमार ने सभी पदाधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश एवं आदर्श आचार संहिता का पूर्ण अनुपालन किया जाए।

