
बक्सर, 9 जनवरी (विक्रांत) शुक्रवार को वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय की इकाई डी.के. कॉलेज, डुमरांव में “लोकतंत्र, समाज और मीडिया की नैतिकता” विषय पर आयोजित एक दिवसीय परिचर्चा ने शैक्षणिक परिसर को विचारों के विमर्श से जीवंत कर दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्य सूचना आयोग के आयुक्त प्रकाश कुमार, मुख्य वक्ता बिहार विधान परिषद के सदस्य प्रो. नवल किशोर यादव, विशिष्ट अतिथि विश्वविद्यालय कुलसचिव राम कृष्ण ठाकुर एवं महाविद्यालय निरीक्षक श्री राजू मोची उपस्थित रहे।

परिचर्चा को संबोधित करते हुए प्रो. नवल किशोर यादव ने कहा कि नैतिकता आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है, लेकिन दुर्भाग्यवश न तो इसकी पढ़ाई कहीं हो रही है और न ही समाज में इसका समुचित पालन दिखता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हर व्यक्ति को स्वयं नैतिकता का पाठ सीखना होगा। वहीं मुख्य अतिथि प्रकाश कुमार ने कहा कि नैतिकता समाज सापेक्ष होती है, एक समाज की नैतिकता दूसरे समाज के लिए अनैतिक भी हो सकती है, इसलिए इसका गहन विश्लेषण आवश्यक है।

उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्राचार्या की सराहना करते हुए कहा कि महाविद्यालय के विकास के लिए यदि प्रोटोकॉल भी तोड़ना पड़े तो वे ऐसा करने से नहीं हिचकेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज की संस्थापिका धरीक्षणा कुँवरी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद एनसीसी कैडेट साहिल कुमार सिंह, अभिनव गिरी, शंकर गौड़, मधु मिश्रा सहित अन्य छात्रों ने अतिथियों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। छात्राओं द्वारा स्वागत गान प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने महाविद्यालय द्वारा प्रकाशित न्यूज़ लेटर का भी विमोचन किया।

