गोपालगंज, 05 दिसम्बर (निज संवाददाता) शुक्रवार को उस समय जिला न्यायालय परिसर में अफरा तफरी मच गई। जब एक किशोरी अचानक कोर्ट भवन के पांचवें तल्ले पर चढ़कर आत्महत्या की कोशिश करने लगी। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए किशोरी को सुरक्षित नीचे उतारकर उसका जीवन बचा लिया।

हलाकिं उसके बाद जिला व सत्र न्यायाधीश के आदेश पर नगर थाने की पुलिस ने उसके ऊपर एफआईआर दर्ज कर उसके रिमांड होम छपरा भेजने की तैयारी में जुट गई है। मिली जानकारी के अनुसार विशंभर थाने के एक गांव की किशोरी प्यार में धोखा खाने के बाद आज वह कोर्ट आई थी। जिस दौरान वह न्यायालय के सबसे ऊपरी मंजिल पर चढ़कर उससे कूदने की कोशिश करने लगी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किशोरी काफी देर तक भवन की रेलिंग पर खड़ी रही और नीचे कूदने की कोशिश कर रही थी। आसपास एकत्र लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया,लेकिन वह किसी की बात मानने को तैयार नहीं थी। इसी बीच पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक बातचीत करते हुए उसे नियंत्रित किया। किशोरी को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद पुलिस उसे नगर थाना ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार,प्यार में प्रेमी से धोखा मिलने के बाद उसने सुसाइड का प्रयास किया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों ने बताया वह किसी लड़के के साथ भागी थी। जिससे धोखा मिलने के बाद उसने उक्त निर्णय लिया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि समय रहते बचाव कार्य किया गया, जिससे एक बड़ी घटना टल गई। फिलहाल किशोरी पर एफआईआर दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत भेज दिया गया है।

