
पटना, 05 जनवरी (पटना डेस्क) दरभंगा जिले के कबीरचक गांव में दो युवकों के शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। नए साल की पार्टी मनाने गए मन्ना महतो और बादल मंडल एक जनवरी से लापता थे। तीन दिन बाद पुलिस ने दोनों के शव अलग अलग जगहों से बरामद किए। शनिवार को मन्ना महतो का शव गेहूं के खेत से मिला। रविवार को बादल मंडल का शव गांव के पास एक गड्ढे से निकाला गया। सूत्रों के अनुसार बादल के हाथ पैर बांधकर शव को मिट्टी से ढक दिया गया था।

घटना की खबर फैलते ही इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल बन गया। पुलिस के मुताबिक एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर जमीन के अंदर से शव बरामद किया गया। इस मामले में पुलिस ने आठ दोस्तों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने अनिल कुमार के बेटे छोटू को गिरफ्तार करने की पुष्टि की है। उसी की निशानदेही पर बादल मंडल का शव बरामद होने की बात कही जा रही है।

पुलिस का मानना है कि एक जनवरी की रात दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद आठों दोस्तों ने मिलकर दोनों युवकों की हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

