मुंबई, 6 सितंबर (अशोक “अश्क”) पंजाब में बाढ़ से मची तबाही के बीच बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार ने बड़ा दिल दिखाया है। उन्होंने बाढ़ राहत कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपये का दान दिया है। इससे पहले पंजाबी और बॉलीवुड जगत के कई सितारे राज्य के लोगों की मदद के लिए आगे आ चुके हैं।

अक्षय कुमार ने राहत कार्यों में सहयोग के बारे में बयान देते हुए कहा, “हां, मैं पंजाब बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री खरीदने के लिए 5 करोड़ रुपये दे रहा हूं। लेकिन मैं कौन होता हूं किसी को दान देने वाला? जब मुझे मदद का हाथ बढ़ाने का मौका मिलता है, तो मैं खुद को खुशकिस्मत समझता हूं। यह मेरी सेवा है, मेरा बहुत छोटा सा योगदान है।”
उन्होंने यह भी कहा,“मैं प्रार्थना करता हूं कि पंजाब में मेरे भाइयों और बहनों पर आई प्राकृतिक आपदा जल्द ही दूर हो जाए। रब मेहर करे।”
अक्षय कुमार से पहले पंजाबी सिंगर और एक्टर एमी विर्क ने 200 गांवों को गोद लेने का ऐलान किया था। वहीं शहनाज गिल, सोनू सूद, दिलजीत दोसांझ समेत कई कलाकार राहत सामग्री भेज रहे हैं और लोगों से मदद की अपील कर रहे हैं।
सोनू सूद, जो अक्सर मानवता की मिसाल बनकर सामने आते हैं, लगातार पंजाब में राहत कैंपों के ज़रिए लोगों तक ज़रूरी सामान पहुंचा रहे हैं।
दिलजीत दोसांझ, गुरु रंधावा, गिप्पी ग्रेवाल, हिमांशी खुराना, रणदीप हुड्डा, करण औजला, जसबीर जस्सी जैसे नामी कलाकारों ने भी अपनी-अपनी क्षमता के अनुसार योगदान दिया है।
राज कुंद्रा, जो एक्टर शिल्पा शेट्टी के पति हैं, ने 5 सितंबर को रिलीज हुई अपनी फिल्म ‘ मेहर’ की पहले दिन की कमाई को भी पंजाब बाढ़ पीड़ितों के नाम करने का ऐलान किया है। यह कदम भी काफी सराहा जा रहा है।
पंजाब सरकार के अनुसार, बाढ़ से 1,655 गांव प्रभावित हुए हैं। हजारों परिवारों को अपना घर छोड़ना पड़ा है और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है।
इस मुश्किल घड़ी में देशभर से आ रही मानवीय सहायता और सेलेब्रिटी समर्थन राज्य के लोगों के लिए उम्मीद की किरण बन रही है।

