पटना 29 अगस्त (अशोक “अश्क”) पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद गुरुवार को कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। यह धमकी एक ईमेल के जरिए दी गई थी, जिसमें लिखा गया था कि कोर्ट रूम और कोर्ट कैंपस में चार आरडीएक्स आईईडी बम प्लांट किए गए हैं और जज को शुक्रवार दोपहर 2 बजे तक बाहर निकाल लिया जाए। धमकी मिलने के तुरंत बाद कोर्ट परिसर को खाली कराने का आदेश जारी कर दिया गया, जिसके बाद जज और मजिस्ट्रेट कोर्ट छोड़कर बाहर निकलने लगे।

कोर्ट परिसर से वकीलों और अन्य कर्मचारियों को भी बाहर कर दिया गया। मौके पर पुलिस की टीम और अग्निशमन विभाग की गाड़ियां पहुंचीं और बम की तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। एसएसपी ने बताया कि ईमेल की सूचना को गंभीरता से लेते हुए पूरे कोर्ट परिसर की गहन जांच की जा रही है।
धमकी भरे ईमेल से एक चौंकाने वाला तमिलनाडु कनेक्शन सामने आया है। ईमेल “द्रविड़ियन मॉडल क्लब” के सदस्य निवेथा पेथुराज उदयनिधि के नाम से भेजा गया था। इसमें लिखा गया है कि बिहार से तमिलनाडु आने वाले प्रवासी मजदूरों की वजह से स्थानीय जनसंख्या संरचना प्रभावित हो रही है। ईमेल में यह भी दावा किया गया कि यह हमला पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के सहयोग से किया जा रहा है और इसे “तमिलों का संदेश” बताया गया है।
इस बीच, बिहार पुलिस को एक और बड़ी चिंता सताने लगी है। नेपाल के रास्ते तीन पाकिस्तानी आतंकियों के बिहार में घुसपैठ करने की जानकारी सामने आई है। पुलिस मुख्यालय ने इन तीनों की तस्वीरें जारी की हैं। इन आतंकियों की पहचान हसनैन अली, आदिल हुसैन और मोहम्मद उस्मान के रूप में हुई है और इनके आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने की पुष्टि की गई है।
फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां धमकी वाले ईमेल की सत्यता और इसमें बताए गए तथ्यों की जांच में जुट गई हैं। कोर्ट कैंपस में तलाशी अभियान चल रहा है और पूरे मामले को लेकर वकीलों और आम लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है।

