
पटना, 29 जनवरी (अविनाश कुमार) बिहार के पांच जिलों के सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी के बीच राजधानी पटना के सिविल कोर्ट से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कोर्ट परिसर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब हथियार और आठ जिंदा कारतूस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। गिरफ्तार युवक की पहचान पीयूष के रूप में हुई है, जो वैशाली जिले का निवासी बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही टाउन डीएसपी-1 राजेश रंजन मौके पर पहुंचे और आरोपी से गहन पूछताछ शुरू कर दी गई। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि युवक हथियार लेकर कोर्ट परिसर में क्यों पहुंचा था, उसका निशाना कौन था और फरार साथी की पहचान क्या है। इस घटना के बाद पूरे कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, दो युवक हथियार और गोलियों के साथ कोर्ट में प्रवेश की फिराक में थे। गेट पर तैनात एएसआई प्रमोद कुमार रजक ने चेकिंग के दौरान सतर्कता दिखाते हुए दोनों को रोका, इसी दौरान एक आरोपी भाग निकला, जबकि पीयूष को दबोच लिया गया।

पटना पुलिस इस घटना को हाल ही में भागलपुर, सीवान, बेगूसराय, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर के सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी से जोड़कर देख रही है। एहतियातन सभी कोर्ट परिसरों और आसपास के इलाकों की सघन तलाशी ली गई है। हालांकि अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। पुलिस का दावा है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा को लेकर कोई ढील नहीं दी जा रही है।

