नई दिल्ली, 23 सितम्बर (अशोक “अश्क”) शारदीय नवरात्रि की शुरुआत होते ही देशभर में भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है। मां दुर्गा की आराधना के इस पावन पर्व पर पंडालों और घरों में पूजा-अर्चना की जा रही है। जगह-जगह देवी भजनों की गूंज सुनाई दे रही है और इसी बीच भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के लोकप्रिय सिंगर्स ने भी अपने-अपने नए देवी गीतों से इस माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया है।

भोजपुरी इंडस्ट्री के चर्चित नाम खेसारी लाल यादव, शिल्पी राज और अंकुश राजा के बाद अब ‘पावर स्टार’ पवन सिंह भी इस लिस्ट में शामिल हो गए हैं। दो हफ्ते पहले रिलीज हुआ उनका नवरात्रि स्पेशल देवी गीत ‘माई के आरती उतारे’ यूट्यूब पर खूब धमाल मचा रहा है। यह गाना Aadishakti Bhakti नामक यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया गया था और अब तक लाखों लोग इसे देख-सुन चुके हैं।
इस गीत में पवन सिंह के साथ अदाकारा चांदनी सिंह भी नजर आ रही हैं। गाने की शुरुआत चांदनी सिंह के मां दुर्गा की आरती उतारने की तैयारी से होती है, तभी पवन सिंह आते हैं और उन्हें भी आरती करने के लिए कहती हैं। गाने में श्रद्धा और भक्ति का बेहतरीन संगम देखने को मिलता है।
‘माई के आरती उतारे’ गीत को पवन सिंह और शिवानी सिंह ने मिलकर गाया है, जबकि इसके बोल पवन पांडे ने लिखे हैं। संगीत श्याम सुंदर ने दिया है। इस गाने को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं भी बेहद सकारात्मक हैं।
कमेंट सेक्शन में एक यूजर ने लिखा, “यह बहुत ही अच्छा गाना है।” वहीं, कई यूजर्स ने “जय माता दी” के जयकारे लगाते हुए अपनी श्रद्धा व्यक्त की है।
गौरतलब है कि इससे पहले प्रमोद प्रेमी यादव का देवी गीत ‘तू ही दुर्गा हऊ, तू ही काली हऊ’ भी खूब वायरल हुआ था, जिसमें रानी चटर्जी नजर आई थीं। कुल मिलाकर इस नवरात्रि भोजपुरी इंडस्ट्री के देवी गीतों ने भक्तों के दिलों में खास जगह बना ली है।

