
पटना, 04 फरवरी (अविनाश कुमार) बिहार के पशुपालकों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार ने पशुधन सेवा को और मजबूत करने का ऐलान किया है। वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने मंगलवार को विधानमंडल में बजट पेश करते हुए घोषणा की कि समस्तीपुर सहित बिहार के सभी पशु अस्पतालों में चौबीस घंटे चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। अब आपात स्थिति में भी पशुओं को इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।

बजट भाषण में बताया गया कि सभी पशु अस्पतालों को डिजिटल एक्स-रे सुविधा से लैस किया जाएगा। साथ ही पशुओं की गर्भ जांच और विभिन्न रोगों के त्वरित व सटीक निदान के लिए आधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीनें भी स्थापित होंगी। इससे पशुपालकों को समय पर सही इलाज मिल सकेगा और पशुधन की मृत्यु दर में कमी आएगी।

इसके अलावा सीमेन और भ्रूण के उत्पादन, भंडारण, वितरण तथा कृत्रिम गर्भाधान सेवाओं को सुव्यवस्थित करने के लिए बिहार पशु प्रजनन विनियमन अधिनियम 2025 लागू कर दिया गया है। सरकार का दावा है कि इस पहल से पशुधन की उत्पादकता बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

