नई दिल्ली, 25 सितम्बर (अशोक “अश्क) भारत के कई हिस्सों में आज भी मासिक धर्म (Periods) को लेकर चुप्पी और शर्म का माहौल है, लेकिन देश के दक्षिणी राज्यों में इसे जीवन के एक महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में देखा जाता है। हाल ही में एक लड़की आयुषा ने अपने पहले मासिक धर्म के मौके पर परिवार द्वारा किए गए सेलिब्रेशन का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, जो भावनाओं और सकारात्मकता से भरपूर है। इस वीडियो ने 14 मिलियन से अधिक व्यूज़ हासिल किए हैं और लोग परिवार की जमकर सराहना कर रहे हैं।
वीडियो में आयुषा अपने घर के दरवाजे पर खड़ी है और उसका परिवार इस खास दिन को एक रस्म के रूप में मना रहा है। आयुषा जब अपने परिवार के प्यार और सम्मान को देखती है तो भावुक होकर रो पड़ती है। सबसे खास पल तब आता है जब घर के सभी पुरुष सदस्य सबसे बड़े से लेकर छोटे तक उसके पैरों पर पैसे रखकर उसे सम्मान देते हैं।

वीडियो के कैप्शन में लिखा गया है, “POV: आपका परिवार आपके पहले पीरियड का इस तरह से जश्न मनाता है।”
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर यूजर्स काफी भावुक हो गए हैं। एक यूजर ने लिखा, “पूरी दुनिया को इससे सीखना चाहिए।”
एक अन्य ने कहा, “हर लड़की को ऐसे समर्थन की ज़रूरत होती है।”
वहीं, एक यूजर ने अपना अनुभव साझा करते हुए लिखा, “मेरे पहले पीरियड पर मां ने मुझे कमरे में बंद कर दिया था, लेकिन पापा ने मुझे गले लगाकर भरोसा दिलाया कि मैं जो चाहूं कर सकती हूं।”

