नई दिल्ली, 14 सितंबर (अशोक “अश्क”) भारत ने पाकिस्तान को एक बार फिर T20 क्रिकेट में करारा जवाब दिया है। एशिया कप 2025 के बहुप्रतीक्षित मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराकर ना सिर्फ अपनी श्रेष्ठता साबित की, बल्कि कई रिकॉर्ड भी अपने नाम किए। कुलदीप यादव की शानदार गेंदबाजी और सूर्यकुमार यादव की धमाकेदार बल्लेबाज़ी इस जीत के नायक रहे।

पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर केवल 127 रन ही बना सकी। टीम की इस खराब स्थिति का सबसे बड़ा कारण बने भारत के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव, जिन्होंने 4 ओवर में मात्र 18 रन देकर 3 विकेट चटकाए। उनकी कसी हुई गेंदबाजी के सामने पाकिस्तान के बल्लेबाज खुलकर नहीं खेल सके। इसी प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
भारत की ओर से लक्ष्य का पीछा करते हुए सूर्यकुमार यादव ने अपने जन्मदिन पर नाबाद 47 रन (37 गेंद) की यादगार पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 4 चौके और 2 छक्के जमाए और टीम के टॉप स्कोरर भी रहे। T20I में यह पहली बार हुआ जब किसी भारतीय बल्लेबाज ने अपने जन्मदिन पर टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए हों।
सिर्फ इतना ही नहीं, सूर्या ने T20I में 200+ स्ट्राइक रेट के साथ सबसे ज्यादा बार 30+ रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बनकर एक नया रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने 11वीं बार यह उपलब्धि हासिल की:
11 बार– सूर्यकुमार यादव
08 – हार्दिक पंड्या
07 – रोहित शर्मा
06 – अभिषेक शर्मा, युवराज सिंह
05 – दिनेश कार्तिक
इसके अलावा सूर्या भारत के लिए T20I में सबसे ज्यादा बार टॉप स्कोरर बनने वाले बल्लेबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर आ गए हैं:
- रोहित शर्मा – 38 बार
- विराट कोहली – 37 बार
- सूर्यकुमार यादव – 22 बार
मैच में भारत की शुरुआत ही आक्रामक रही। ओपनर अभिषेक शर्मा ने पहली ही गेंद पर शाहीन अफरीदी को चौका लगाकर इरादे जता दिए। अभिषेक ने केवल 13 गेंदों में 31 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल थे। तिलक वर्मा ने भी 31 रन की अहम पारी खेली।
शुभमन गिल 10 और शिवम दुबे 10 रन पर नाबाद रहे। भारत ने लक्ष्य को सिर्फ 15.5 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
कुलदीप की घातक गेंदबाजी और सूर्या की जन्मदिन वाली पारी ने इस मैच को भारत के लिए ऐतिहासिक बना दिया। पाकिस्तान के खिलाफ यह जीत भारत के आत्मविश्वास को और भी मजबूत करेगी।

