पटना, 14 दिसम्बर (पटनावदेसक) मुंगेर जिले से रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर देने वाला चौंकाने वाला मामला सामने आया है। तारापुर थाना क्षेत्र के साढ़ी गांव में शादी के महज सात दिन बाद ही एक नवविवाहिता सुनियोजित तरीके से ससुराल से फरार हो गई।

आरोप है कि दुल्हन अपने पुराने प्रेमी के साथ घर में रखे सभी कीमती जेवरात लेकर भाग निकली, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।घटना की शुरुआत एक दिसंबर को हुई, जब मानिकपुर गांव निवासी संतोष कुमार झा की पुत्री स्नेहा कुमारी की शादी साढ़ी गांव के विजय झा के पुत्र जितेंद्र झा से धूमधाम से संपन्न हुई। दो दिसंबर को विदाई के बाद स्नेहा ससुराल पहुंची। परिजनों के अनुसार शुरुआती दिनों में उसका व्यवहार पूरी तरह सामान्य था। वह घर के कामकाज में हाथ बंटाती, परिवार से घुलमिल कर रहती और एक बच्चे को पढ़ाती भी थी।सास अंजना देवी ने बताया कि स्नेहा अक्सर कान में ईयरफोन लगाकर किसी से बात करती थी, लेकिन किसी को शक नहीं हुआ। दस दिसंबर की शाम उसने खुद चाय बनाई, बच्चे को पढ़ाया और फिर अचानक गायब हो गई। देर रात तक खोजबीन के बाद पता चला कि वह सभी जेवरात लेकर फरार है।पीड़ित पति जितेंद्र झा पत्नी की तलाश में भटक रहा है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जेवरात की कीमत लाखों में बताई जा रही है।

