पटना, 14 दिसम्बर (पटना डेस्क) उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। शनिवार को लखनऊ स्थित राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय परिसर के सभागार में भाजपा के नये प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पंकज चौधरी के नाम की औपचारिक घोषणा की गई।

चूंकि अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र नामांकन पंकज चौधरी का ही दाखिल हुआ था, इसलिए शनिवार को सर्वसम्मति से उनके निर्वाचन की घोषणा कर दी गई।केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक एवं राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचन के केंद्रीय प्रभारी केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और प्रदेश चुनाव अधिकारी, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने संयुक्त रूप से पंकज चौधरी की जीत की घोषणा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।पीयूष गोयल ने कहा कि यह भाजपा संगठन की ताकत है कि पार्टी लगातार मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। घोषणा के साथ ही सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। भूपेंद्र चौधरी ने पार्टी का ध्वज नव निर्वाचित अध्यक्ष को सौंपा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय परिषद के 120 नवनिर्वाचित सदस्यों की भी घोषणा की गई।पंकज चौधरी भाजपा के 17वें प्रदेश अध्यक्ष बने हैं और कुर्मी बिरादरी से आने वाले चौथे अध्यक्ष हैं। उनका चुनाव प्रदेश की राजनीति में नए संतुलन और संगठनात्मक मजबूती का संकेत माना जा रहा है।

