गोपालगंज,14 अक्तूबर (निज संवाददाता) जिले के माधोपुर बाजार में मंगलवार को पुलिसिया बर्बरता के विरोध में व्यवसायियों ने बाजार बंद कर पूरे दिन हंगामा किया। घण्टों चले हंगामा के बाद एसडीपीओ 2 के समझाने के बाद मामला शांत हुआ। जिसके बाद शांति बहाल हो सका। जानकारी के अनुसार माधोपुर थानाध्यक्ष द्वारा एक मोबाइल दुकानदार के साथ कथित रूप से मारपीट व दुर्व्यवहार किए जाने के बाद व्यवसायियों का गुस्सा फूट पड़ा। वे एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे।

अचानक हुए इस बंदी से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी व तनावपूर्ण का माहौल बन गया।व्यवसायियों का कहना था कि पुलिस थाने में एक दुकानदार को बिना किसी ठोस कारण के हिरासत में रखा गया और उसके साथ मारपीट की। इसी के विरोध में बाजार बंद कर प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की गई। मामलें की जानकारी मिलते ही सदर-2 एसडीपीओ राजेश कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित व्यवसायियों से बातचीत की। उन्होंने लोगों की शिकायतें सुनीं और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
एसडीपीओ ने कहा कि,“किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। यदि जांच में पुलिसकर्मी दोषी पाए गए,तो उनके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। आक्रोशित व्यवसायियों ने आरोप लगाया कि स्थानीय मोबाइल दुकानदार मिंटू कुमार को थानाध्यक्ष द्वारा पिछले कई दिनों से परेशान किया जा रहा था। पुलिसकर्मी दुकान पर जाकर धमकी दे रहे थे। सोमवार की शाम उसे बिना वजह थाने ले जाकर हाजत में बंद कर दिया गया। बाद में वरीय अधिकारियों को सूचना देने के बाद उसे छोड़ दिया गया। व्यवसायियों ने कहा कि, “हम न्याय चाहते हैं, दोषी पुलिसकर्मी पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।”
-तनाव के बीच तैनात रही भारी मात्रा में पुलिस
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए माधोपुर बाजार में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। अधिकारियों ने स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी। काफी देर चली वार्ता और प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद व्यवसायी शांत हुए और उन्होंने अपना विरोध समाप्त कर दिया।
-बाजार में जनजीवन हुआ सामान्य फिर खुली दुकानें
प्रशासन के आश्वासन के बाद धीरे-धीरे बाजार खुलने लगा और स्थिति सामान्य हो गई। हालांकि, लोगों में अब भी नाराजगी बनी हुई है और सभी दोषी पुलिसकर्मियों पर ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

