भुवनेश्वर, 27 सितम्बर (भुवनेश्वर ब्यूरो) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा के ब्रह्मपुर से उधना (सूरत) के लिए 12वीं अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन ओडिशा के ब्रह्मपुर से गुजरात के उधना के बीच चलेगी।
अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन भारतीय रेलवे की एक बड़ी पहल है, जो आम यात्रियों को कम किराए में आधुनिक और सुरक्षित यात्रा सुविधा प्रदान करती है। अब तक शुरू की गई 12 ट्रेनों में से 10 बिहार से जुड़ी हैं, और भारतीय रेलवे की योजना है कि सितंबर के अंत तक यह संख्या बढ़ाकर 15 कर दी जाए। आगामी दिनों में मुज़फ्फरपुर-चर्लपल्ली, छपरा-दिल्ली और दरभंगा-अजमेर के बीच भी अमृत भारत ट्रेनों का संचालन शुरू होने वाला है।

इन ट्रेनों की सबसे खास बात है कम किराया और विश्व स्तरीय सुविधाएं। ₹500 प्रति हजार किलोमीटर से कम किराए में गैर-एसी डिब्बों में यात्रियों को आरामदायक सफर का अनुभव मिलता है।
ट्रेनें तकनीकी रूप से भी अत्याधुनिक हैं। इनमें कवच सिस्टम, क्रैश ट्यूब, ईपी-ब्रेक सिस्टम, सील्ड गैंगवे, फायर डिटेक्शन सिस्टम और टॉकबैक यूनिट जैसी सुविधाएं दी गई हैं। पहली बार नॉन-एसी डिब्बों में इतनी आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
यात्रियों के लिए प्रमुख सुविधाएं:
आरामदायक सीटें और बर्थ
मोबाइल और बॉटल होल्डर
फोल्डेबल स्नैक्स टेबल
रेडियम फ्लोर स्ट्रिप्स
दिव्यांगजन के लिए विशेष शौचालय
इलेक्ट्रो-न्यूमेटिक फ्लश, ऑटो सोप डिस्पेंसर
फास्ट चार्जिंग पोर्ट और पेंट्री कार
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वंदे भारत, नमो भारत और अमृत भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों की त्रिशक्ति भारतीय रेलवे के कायाकल्प की प्रतीक है। ये ट्रेनें आत्मनिर्भर भारत की भावना को मजबूती प्रदान कर रही हैं।
अमृत भारत एक्सप्रेस अब सिर्फ एक ट्रेन नहीं, बल्कि भारत के रेल सफर का नया अध्याय है आधुनिक, सुरक्षित और आम आदमी के लिए सुलभ।

