नई दिल्ली, 28 सितम्बर (अशोक “अश्क”) साउथ सुपरस्टार प्रभास की बहुप्रतीक्षित हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘द राजा साब’ को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। अब फिल्म के निर्माताओं ने शनिवार को एक बड़ा एलान करते हुए इसके ट्रेलर रिलीज डेट की घोषणा कर दी है।

फिल्म ‘द राजा साब’ का ट्रेलर 29 सितंबर, सोमवार को शाम 6 बजे रिलीज किया जाएगा। इस घोषणा के साथ ही फिल्म का एक नया पोस्टर भी जारी किया गया है, जो दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है। पोस्टर में अभिनेता संजय दत्त को अलग ही अवतार में देखा जा सकता है। वह लंबे बालों, मूंछों और शॉल ओढ़े हंसते हुए नजर आ रहे हैं। इस लुक को ब्लैक एंड व्हाइट शेड में दिखाया गया है, जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह फिल्म में भूत की भूमिका निभा रहे हैं।
वहीं, प्रभास का किरदार भी रहस्यमयी नजर आ रहा है। पोस्टर में उन्हें बांहें फैलाए हुए दिखाया गया है, उनके चारों ओर जलती आग और पीछे एक भूतिया महल का दरवाजा नजर आ रहा है, जो फिल्म की हॉरर थीम को और मजबूत करता है।
फिल्म में प्रभास के साथ मालविका मोहनन मुख्य भूमिका में हैं, जबकि निधि अग्रवाल, रिद्धि कुमार और संजय दत्त भी अहम किरदार निभा रहे हैं।
‘द राजा साब’ को पीपल मीडिया फैक्ट्री के बैनर तले बनाया गया है और इसे पांच भारतीय भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। ट्रेलर रिलीज की घोषणा के बाद फैंस फिल्म के लिए और भी ज्यादा उत्साहित हो गए हैं।

