समस्तीपुर, 31 अगस्त (अशोक “अश्क”) रोसड़ा प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय भरतदास में शनिवार को शिक्षा विभाग पटना के निर्देशानुसार अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का सफल आयोजन किया गया। इस बार संगोष्ठी का थीम “खेलो और सीखो” रखा गया था।

कार्यक्रम में शिक्षकों ने बताया कि खेल न केवल बच्चों के शारीरिक विकास का जरिया हैं, बल्कि मानसिक, सामाजिक विकास, अनुशासन, सहयोग, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास जैसे महत्वपूर्ण कौशलों को भी बढ़ावा देते हैं।
विद्यालय प्रभारी श्रवस कुमार ने अभिभावकों को बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, स्वास्थ्य, पोषण और “सुरक्षित शनिवार” अभियान के तहत स्वच्छता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जोर दिया कि अभिभावक और शिक्षक मिलकर बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर वातावरण बना सकते हैं।
नवाचारी शिक्षक राकेश कुमार ने बच्चों की सीखने की क्षमता बढ़ाने के लिए नए शैक्षणिक प्रयोग और तरीकों पर प्रकाश डाला।
संगोष्ठी में विद्यालय शिक्षा समिति के अध्यक्ष, सचिव, अभिभावक, बाल-संसद के सदस्य और आपदा प्रबंधन समिति के बच्चे भी उपस्थित थे। सभी ने विद्यालय के शैक्षणिक माहौल को बेहतर बनाने और बच्चों के लिए आनंददायक शिक्षा सुनिश्चित करने पर सहमति व्यक्त की।

