हैदराबाद, 19 सितम्बर (अंकिता राय) शहर में एक चौंकाने वाले निवेश धोखाधड़ी का पर्दाफाश करते हुए साइबर सिक्योरिटी ब्यूरो ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह लोगों को WhatsApp ग्रुप में जोड़कर फर्जी स्टॉक ट्रेडिंग वेबसाइट के जरिए करोड़ों की ठगी कर रहा था। पीड़ित से करीब 4.87 करोड़ रुपये की ठगी की गई।

जांच में सामने आया कि पीड़ित को पहले एक WhatsApp ग्रुप में जोड़ा गया, जहां मुनाफे के झूठे वादे किए गए। ग्रुप में मौजूद सदस्य निवेश को लाभकारी बताकर लगातार दबाव बनाते रहे। जब पीड़ित ने लाखों रुपये निवेश कर दिए, तो वेबसाइट अचानक बंद कर दी गई। जब उसने पैसे वापस निकालने की कोशिश की, तब जाकर उसे ठगी का एहसास हुआ।
साइबर क्राइम टीम ने तकनीकी विश्लेषण कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से लैपटॉप, मोबाइल फोन, बैंक खाता विवरण और फर्जी दस्तावेज बरामद हुए हैं। पुलिस को संदेह है कि यह गिरोह राष्ट्रीय स्तर के नेटवर्क से जुड़ा हुआ हो सकता है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी WhatsApp ग्रुप या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मिलने वाले निवेश प्रस्तावों से सतर्क रहें। कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखने पर साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस स्टेशन से तुरंत संपर्क करें।

